महाराष्ट्र में 'ऑपरेशन टाइगर-3' की आहट, शिंदे के संपर्क में कई विधायक
November 16, 2026
महाराष्ट्र में एक बार फिर सियासी हलचल तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। कैबिनेट मंत्री संजय शिरसाट ने परिसीमन बिल और ऑपरेशन टाइगर-3 को लेकर बड़ा बयान दिया है। परिसीमन बिल पर सुप्रिया सुले के समर्थन वाले रुख का स्वागत करते हुए शिरसाट ने कहा कि उन्होंने सकारात्मक सोच के साथ अपना स्टैंड लिया है।
संजय शिरसाट ने आगे कहा कि परिसीमन से मतदाताओं की संख्या सीमित होगी, जिससे जनप्रतिनिधियों को काम करने में आसानी होगी और जनता को भी सुविधा मिलेगी। शिरसाट ने सुप्रिया सुले की तारीफ करते हुए कहा कि जहां अच्छा काम होता है, वहां पार्टी से अलग हटकर उसका समर्थन करना बड़ी हिम्मत की बात है।
वहीं, मंत्री उदय सामंत के महाराष्ट्र में जल्द ऑपरेशन टाइगर-3 शुरू होने के बयान पर संजय शिरसाट ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि उदय सामंत ने जो कहा है, वह सच है। कई नेता, विधायक और पदाधिकारी एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं और उनके साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। हालांकि, सही समय पर सही फैसला लेना एकनाथ शिंदे के हाथ में है। शिरसाट ने संकेत दिए कि जल्द ही इस बारे में फैसला होगा और महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर ऑपरेशन टाइगर-3 देखने को मिल सकता है।
बता दें कि NCP-SP की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने शनिवार को कहा कि सरकार की ओर से परिसीमन को लेकर कोई नया प्रस्ताव नहीं मिला है। उन्होंने पूर्व में हुई एक अनौपचारिक चर्चा का संदर्भ दिया, जिसमें सभी राज्यों में सीट की संख्या एक समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ाने का सुझाव दिया गया था। सुले ने कहा कि करीब छह महीने पहले, सरकार ने उनके, शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ एक बैठक की थी। इस बैठक में कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक, प्रत्येक राज्य में सीट की संख्या में एक समान 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई थी। सुले के मुताबिक वहां मौजूद विपक्षी नेताओं को यह सुझाव उचित लगा, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में मतदाताओं की संख्या में काफी वृद्धि हुई है।
सुले ने कहा, "मैंने पहली बार चुनाव लड़ा था, तब एक निर्वाचन क्षेत्र में 12 से 13 लाख मतदाता थे। आज, मैं जिस क्षेत्र से आती हूं, वहां मतदाताओं की संख्या बढ़कर 25 से 30 लाख हो गई है, और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में तो यह 40 लाख तक पहुंच गई है।" उन्होंने सवाल किया कि एक अकेला प्रतिनिधि इतनी बड़ी आबादी की सेवा कैसे कर सकता है। उन्होंने कहा कि जब तक कोई व्यक्ति 'सुपरमैन या बैटमैन' न हो, तब तक पांच करोड़ रुपये की सांसद निधि से 40 लाख लोगों की इच्छाओं को पूरा करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।
सुले ने कहा कि पूरे देश में एक समान और निश्चित दर से की गई (सीट) बढ़ोतरी इस जनसांख्यिकीय दबाव को दूर करेगी। उन्होंने यह कहा कि उनकी पार्टी इस तरह के कदम पर सकारात्मक रूप से विचार करने के लिए पहले ही अपनी सहमति जता चुकी है। उन्होंने हालांकि कहा कि उनकी पार्टी को कोई नया प्रस्ताव या विधेयक का मसौदा नहीं मिला है।
