Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत कार्ड बनाने के निर्देश! 31 दिसंबर तक चलेगा विशेष आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान


अमेठी। जनपद में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सभी पात्र लाभार्थियों को 5 लाख तक के वार्षिक निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 01 नवंबर से 31 दिसंबर 2026 तक ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र लाभार्थियों को योजना का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के लिए जिलाधिकारी शशांक चैधरी ने सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अभियान को पूरी गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए तथा ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, अन्त्योदय एवं पात्र राशन कार्ड धारकों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कार्यों से जुड़े श्रमिकों सहित योजना की विभिन्न श्रेणियों में शामिल सभी पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उनका शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलती है। इसलिए संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने अभियान की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित समयावधि में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की कि वे 01 नवंबर से 31 दिसंबर तक संचालित विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर स्वयं एवं अपने परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध करा सकें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |