अमेठीः कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी चयन प्रक्रिया ! कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए 3 नवंबर को होगी ई-लॉटरी
November 02, 2026
अमेठी। वित्तीय वर्ष 2026-27 में कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने तथा किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों के चयन के लिए 3 नवंबर 2026 को ई-लॉटरी आयोजित की जाएगी। यह प्रक्रिया अपराह्न 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, अमेठी में संपन्न होगी। उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश के कृषि भवन, लखनऊ स्थित अभियंत्रण अनुभाग द्वारा संचालित सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना तथा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना के अंतर्गत विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान दिए जाने की व्यवस्था है। इन योजनाओं के तहत कृषि यंत्र कस्टम हायरिंग सेंटर (परियोजना लागत 30 लाख रुपये), हैरो, कल्टीवेटर, आलू खुदाई मशीन, पावर ऑपरेटेड चैफ कटर, पावर टिलर, ट्रैक्टर माउंटेड एवं सेल्फ प्रोपेल्ड क्रॉप रीपर, श्रब मास्टर/रोटरी श्रेडर, सुपर सीडर सहित अन्य कृषि यंत्रों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर 2026 से 27 अक्टूबर 2026 तक की अवधि में निर्धारित लक्ष्य से अधिक टोकन बुकिंग होने के कारण संबंधित कृषि यंत्रों के आवेदकों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। चयन प्रक्रिया निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। उप कृषि निदेशक ने जनपद के उन सभी किसान भाइयों से अपील की है, जिन्होंने उपरोक्त योजनाओं के अंतर्गत अनुदान पर कृषि यंत्र खरीदने के लिए आवेदन किया है, कि वे 3 नवंबर 2026 को अपराह्न 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, अमेठी में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि चयन प्रक्रिया में सहभागिता कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ई-लॉटरी के दौरान अनुपस्थित रहने वाले आवेदकों को उपस्थित किसानों एवं समिति की ओर से संपन्न कराई गई चयन प्रक्रिया से सहमत माना जाएगा। उनकी अनुपस्थिति में भी ई-लॉटरी की प्रक्रिया नियमानुसार पूर्ण की जाएगी तथा इसे लेकर उनकी कोई आपत्ति नहीं मानी जाएगी।
