फरीदपुर /बरेली।द्वारिकेश शुगर इण्डस्ट्रीज लिमिटेड, द्वारिकेश धाम फरीदपुर में बुधवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गन्ना पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मिल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्र के किसानों ने पेराई सत्र के सफल संचालन की कामना की।
कार्यक्रम में इकाई प्रमुख अनिल कुमार त्यागी, विभागाध्यक्ष गन्ना उपेन्द्र कुमार उपाध्याय, विभागाध्यक्ष यांत्रिकी बी.बी. सिंह, विभागाध्यक्ष उत्पादन विशाल सूरी, विभागाध्यक्ष मानव संसाधन सुधीर कुमार सिंह, आई.टी. हेड सुनील पूनिया एवं उपप्रबंधक प्रशासन सुशील कुमार, जिला गन्ना अधिकारी बरेली दिलीप कुमार सैनी सहित मिल के सभी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सहकारी गन्ना विकास समिति फरीदपुर के अध्यक्ष ब्रज किशोर शर्मा तथा प्रगतिशील कृषक नारद मुनि, सत्येन्द्र चैधरी, सुखपाल चैधरी, विजय पाल चैधरी, ओमप्रकाश, रमेश, रणधीर सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे।
इकाई प्रमुख अनिल कुमार त्यागी ने अपने संदेश में कहा कि कृषक बंधुओं की समृद्धि ही मिल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कृषक केवल गन्ना उत्पादक नहीं, बल्कि मिल की प्रगति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती और देश-प्रदेश के विकास की आधारशिला हैं।
उन्होंने कहा कि इस सत्र में किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया जाएगा। गन्ने की समयबद्ध खरीद, पारदर्शी व्यवस्था, समय से भुगतान, उन्नत बीज और उन्नत कृषि तकनीकों को बढ़ावा देना मिल का संकल्प है। लक्ष्य सिर्फ पेराई करना नहीं, बल्कि किसानों की आय दोगुनी करना और उनकी खुशहाली में योगदान देना है।
विभागाध्यक्ष गन्ना उपेन्द्र उपाध्याय ने सभी किसानों को पेराई सत्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपील की कि किसान पर्ची का मैसेज मिलने के बाद ही गन्ने की कटाई करें।
उन्होंने बताया कि अभी मिल द्वारा अगेती प्रजाति की पेड़ी गन्ने की पर्चियां जारी की जा रही हैं, इसलिए किसान अगेती गन्ने की ही आपूर्ति करें। सामान्य एवं अस्वीकृत प्रजाति के गन्ने की कटाई न करें, अन्यथा आपूर्ति में असुविधा होगी।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि अभी तापमान गन्ना बुवाई के लिए उपयुक्त है, इसलिए किसान अधिक से अधिक क्षेत्रफल में उन्नतशील प्रजातियां को.शा. 18231, को.शा. 19231, को.लख. 16202, को. 20016 एवं को. 21012 की बुवाई करें।
कार्यक्रम में प्रथम गन्ना लाने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। इनमें सोनेपाल पुत्र रामदास ग्राम बकैनिया, ओमपाल पुत्र रामचरन निवासी करनपुर कला, राममूर्ति पुत्र रामलाल ग्राम हरेली एवं ओमप्रकाश पुत्र ढाकन लाल निवासी कुठला को मिल प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया।
