गोला गोकर्णनाथ खीरी। बलरामपुर समूह की गुलरिया चीनी मिल के 20वें पेराई सत्र (2026-27) का शुक्रवार दोपहर 12रू20 बजे विधिवत पूजन के साथ शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि एसपी ख्याति गर्ग और विशिष्ट अतिथि सीओ गोला जितेन्द्र सिंह परिहार ने डोंगे में गन्ना डालकर सत्र की शुरुआत की।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य महाप्रबंधक योगेश कुमार सिंह और उपाध्यक्ष पी. संदीप ने किया। इस दौरान सीजीएम ने इस वर्ष 1.35 करोड़ कुंतल गन्ना पेराई का लक्ष्य घोषित किया। उन्होंने किसानों को सबसे तेज भुगतान का भरोसा दिलाते हुए बताया कि मिल ने पिछले सत्र में 139.06 लाख कुंतल पेराई कर 561 करोड़ रुपये से अधिक का शत-प्रतिशत भुगतान किया है। उन्होंने किसानों से साफ-सुथरा व ताजा गन्ना आपूर्ति कर अपना बेसिक कोटा बढ़ाने की अपील की।
सड़क सुरक्षा के तहत एसपी ख्याति गर्ग और सीओ ने गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए। एसपी ने किसानों से अपील की कि सर्दियों में कोहरे के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए वाहनों पर रिफ्लेक्टर जरूर लगवाएं, क्योंकि किसानों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस मौके पर गन्ना विकास निरीक्षक ज्ञान प्रकाश तिवारी, बीरा समिति सचिव दिनेश चन्द्र यादव, जीएम वाणिज्य तुषार अग्रवाल, जीएम गन्ना अनिल कुमार, जीएम इंजीनियरिंग संजय सिंह, एजीएम प्रोडक्शन राकेश कुमार सिंह, डीजीएम डिस्टलरी विनोद मिश्रा, एजीएम एचआर अखिल कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान व मिल कर्मी मौजूद रहे।
