Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

सुल्तानपुर: मतदाता जागरूकता के लिए सड़कों पर उतरे छात्र-छात्राएं, वल्लीपुर पी.पी. इण्टर कालेज से जंगली नाथन मंदिर तक निकाली गई रैली


बल्दीराय/सुल्तानपुर। लोकतंत्र की मजबूती और मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बल्दीराय तहसील क्षेत्र के वल्लीपुर स्थित पीपी इंटर कॉलेज में मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। तहसीलदार सुनील कुमार एवं नायब तहसीलदार गुलाब सिंह की अध्यक्षता में निकली रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर जंगली नाथन मंदिर तक पहुंची। रैली में छात्र-छात्राओं ने मतदान के महत्व से जुड़े नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।

रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-कर्मचारियों तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों ने जागरूकता संबंधी नारे लगाकर आमजन को मतदान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। साथ ही पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और सूची में नाम की जांच करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर तहसीलदार सुनील कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी बेहद जरूरी है। मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। वहीं नायब तहसीलदार गुलाब सिंह ने युवाओं और नए मतदाताओं को जागरूक होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

रैली के दौरान राजस्व निरीक्षक महेश सिंह, लेखपाल योगेश कुमार एवं राघव राम, विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजेश कुमार श्रीवास्तव, प्रधानाध्यापक अजय तिवारी, शीतला प्रसाद तिवारी, प्रतिभा तिवारी और अनीता दीक्षित सहित अन्य शिक्षक-कर्मचारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की पहचान है। सभी ने क्षेत्रवासियों से निष्पक्ष, निर्भीक और अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |