अमेठीः डीएम ने तैयारियों के दिए निर्देश! 19 नवंबर को विद्यार्थियों को मिलेंगे स्मार्टफोन और टैबलेट
November 18, 2026
अमेठी। युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी शशांक चैधरी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनपद स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति, स्मार्टफोन एवं टैबलेट वितरण की तैयारियों और अधिकारियों की जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के तहत चिन्हित शिक्षण संस्थानों के पात्र छात्र-छात्राओं की सूची पारदर्शी तरीके से तैयार की जाए। साथ ही किन संस्थानों में किस क्रम में स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित किए जाएंगे, इसकी चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे वितरण कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक योजना का लाभ पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। वितरण प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और सुगमता बरती जाए। सभी संस्थान वितरण से संबंधित आवश्यक अभिलेखों और दस्तावेजों का समुचित रखरखाव सुनिश्चित करें, ताकि बाद में लाभार्थियों को दिए गए उपकरणों का सत्यापन किया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि वितरण कार्यक्रम प्रभारी मंत्री, सांसद एवं विधायकगण की उपस्थिति में आयोजित कराने के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जाएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने 19 नवंबर को छात्र-छात्राओं को निशुल्क स्मार्टफोन एवं टैबलेट वितरित करने के लिए सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डिजिटल शैक्षणिक सामग्री का लाभ उठा सकेंगे। योजना का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना है।
