Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः धान खरीद में अमेठी मंडल में अव्वल! 1,813 किसानों से खरीदा गया 10,932 मीट्रिक टन धान


अमेठी। मूल्य समर्थन योजना के तहत धान खरीद में अमेठी जनपद मंडल में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। सरकारी क्रय केंद्रों पर अब तक 1,813 किसानों से 10,932.35 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। वहीं 1,464 किसानों के बैंक खातों में उनकी उपज के मूल्य के रूप में 2,183.17 लाख रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने के लिए खाद्य एवं विपणन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी प्रज्ञा मिश्रा ने राजापुर अमेरुवा, गोरखापुर, अमेठी और खेरौना स्थित धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर धान खरीद होती मिली। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसानों से बेहतर समन्वय बनाकर अधिक से अधिक खरीद सुनिश्चित करें। साथ ही टोकन व्यवस्था के अनुसार धान की खरीद की जाए, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद में धान खरीद का लक्ष्य 1,53,000 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 10,932.35 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 7.15 प्रतिशत है। इस उपलब्धि के साथ अमेठी मंडल में पहले स्थान पर है। उन्होंने बताया कि पीसीएफ और यूपीएसएस संस्थाओं में पीएफएमएस पोर्टल के माध्यम से भुगतान को लेकर आ रही तकनीकी समस्या भी दूर हो गई है। शेष किसानों का भुगतान शीघ्र कराने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि अपनी धान की उपज बिचैलियों को बेचने के बजाय निर्धारित सरकारी क्रय केंद्रों पर ही बेचें, ताकि शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके। विभाग की ओर से पारदर्शी खरीद और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |