गौरीगंज: सरस मेले में दिखा महिलाओं का हुनर, उत्पादों की धूम
November 26, 2026
गौरीगंज/अमेठी। गौरीगंज स्थित जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत आयोजित तीन दिवसीय सरस मेले में दूसरे दिन स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने रहे। मेले में महिलाओं ने अपने हुनर और मेहनत से तैयार विभिन्न घरेलू एवं उपयोगी उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री कर स्वरोजगार की संभावनाओं को प्रस्तुत किया।मेले के दूसरे दिन कुल 32 स्वयं सहायता समूहों ने अपने स्टॉल लगाए। इनमें अगरबत्ती, दोना-पत्तल, मोमबत्ती, जड़ी-बूटी उत्पाद, नमकीन, कॉस्मेटिक सामग्री, स्लीपर, गुड़िया, कैंडी, मूंज उत्पाद, कपड़े के बैग, केले के रेशे से बने उत्पाद, वर्मी कंपोस्ट और फिनायल सहित कई वस्तुएं प्रदर्शित की गईं। इसके अलावा पशुपालन विभाग, आरसेटी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस), खादी ग्रामोद्योग और कौशल विकास विभाग ने भी स्टॉल लगाकर योजनाओं एवं प्रशिक्षण संबंधी जानकारी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने मेले में पहुंचकर विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलता है और महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होता है। कार्यक्रम के दौरान पांच विद्युत सखियों को विद्युत प्रिंटर तथा दो स्वयं सहायता समूहों को सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) के डेमो चेक वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित करना और उनके कार्यों को अधिक सुविधाजनक बनाना है। सरस मेले के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को उत्पादों की बिक्री, विपणन और पहचान स्थापित करने का मंच मिल रहा है। इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जीके शुक्ला, डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।
