Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी, 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक दर्ज होंगे दावे-आपत्तियां


  • विशेष अभियान के लिए 21, 22, 28 एवं 29 नवम्बर की तिथियां निर्धारित, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने व संशोधन कराने का मिलेगा अवसर
  • निर्वाचक नामावलियों का 04 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन


प्रतापगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर जनपद के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जाएगा। इसके तहत निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवम्बर 2026 (मंगलवार) को किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रेमचन्द मौर्य ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, अपात्र अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों पर दावा-आपत्ति दर्ज कराने तथा आवश्यक संशोधन कराने के लिए निर्धारित समय-सारिणी जारी कर दी गई है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवम्बर को होगा। इसके बाद 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष अभियान की चार तिथियां 21 नवम्बर (शनिवार), 22 नवम्बर (रविवार), 28 नवम्बर (शनिवार) एवं 29 नवम्बर (रविवार) निर्धारित की गई हैं। इस दौरान मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलाकर मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की जांच और उनका निस्तारण 28 दिसम्बर 2026 तक किया जाएगा। इसके उपरान्त निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 (सोमवार) को होगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सोमवार को बताया कि विशेष अभियान की निर्धारित तिथियों पर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त कर सकते हैं। बूथ लेवल एजेंट संबंधित मतदेय स्थल के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के संरक्षण में मतदाता सूची में दृष्टिगोचर त्रुटियों को चिन्हित करने तथा उन्हें दूर कराने में सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि जिनकी आयु अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है अथवा जो इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे अपना नाम निर्वाचक नामावली में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है तो वह निर्धारित विशेष अभियान की तिथियों में अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर फार्म-6 भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकता है। इसी प्रकार जिन मतदाताओं का नाम पहले से सूची में शामिल है और उसमें किसी प्रकार का संशोधन अपेक्षित है, वे फार्म-8 भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध करा सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |