हाथरस। विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने किसानों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से समाधान कराने के निर्देश दिए।
धान बिक्री के भुगतान में आढ़तियों द्वारा 1.5 प्रतिशत कटौती किए जाने की शिकायत पर डीएम ने मंडी सचिव को जांच कर संबंधित दुकानदारों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं सादाबाद क्षेत्र में बाजरा क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने और पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराने को कहा।
किसानों ने विद्युत आपूर्ति, खाद की उपलब्धता, राजवाहों में फैक्ट्रियों एवं कॉलोनियों का गंदा पानी छोड़े जाने, छौंक माइनर की पटरियों पर अतिक्रमण तथा बाजरा क्रय केंद्रों पर बारदाने की कमी की समस्याएं उठाईं। डीएम ने अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का प्रभावी समाधान कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विद्युत और स्प्रिंकलर सेट निर्माता कंपनियों से वार्ता कर किसानों की समस्याओं का समाधान कराने को कहा।
बैठक में कृषि वैज्ञानिक डॉ. हरवेन्द्र पाल ने फसल सुरक्षा एवं कीट-रोग प्रबंधन की जानकारी दी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी विजय सिंह ने पशुओं के निशुल्क टीकाकरण और टैगिंग के बारे में बताया। वहीं जिला उद्यान अधिकारी ने आलू एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी पीएन यादव, उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी निखिल देव तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
