अमेठीः 1.06 लाख रुपये का हुआ जुर्माना! ऑपरेशन सेफ स्पीड! पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 53 वाहनों के चालान
November 04, 2026
अमेठी। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अमेठी पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे ऑपरेशन सेफ स्पीड के तहत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक शोभनाथ राम ने यातायात पुलिस टीम के साथ इंटरसेप्टर वाहन की सहायता से एक्सप्रेस-वे पर गुजरने वाले वाहनों की गति की जांच की। इस दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 53 वाहनों का चालान करते हुए 1,06,000 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से तेज रफ्तार में वाहन चलाने वालों में हड़कंप मचा रहा। अमेठी पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि एक्सप्रेस-वे सहित सभी मार्गों पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी है।
