Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: धंधरौल बांध पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा।

गहरे पानी वाले स्थानों पर होगी बैरिकेडिंग, गोताखोरों और नावों की रहेगी व्यवस्था।

सोनभद्र। आगामी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने धंधरौल बांध स्थित विसर्जन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, सड़क, बैरिकेडिंग, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विसर्जन स्थल पर पर्याप्त साफ-सफाई कराने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क पर मौजूद गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराकर आवागमन सुगम बनाने को कहा, ताकि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने बांध में अधिक गहराई वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग कराने तथा प्रमुख स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए। बोर्ड पर ‘सावधान! यहां पानी अधिक गहरा है, डूबने की आशंका है’ जैसे संदेश अंकित कराने को कहा, जिससे श्रद्धालु सतर्क रहें। उन्होंने विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों एवं नावों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चुर्क की तरफ से वापस जाएंगे वाहन

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन के दिन यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा। धंधरौल बांध पर प्रतिमा विसर्जन के लिए आने वाले वाहन चुर्क की तरफ से वापस जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि विसर्जन के लिए भारी वाहनों को अनुमति नहीं दी जाएगी। संबंधित अधिकारियों को रूट डायवर्जन की जानकारी समय से प्रचारित कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा न हो।

सुरक्षा के लिए तैनात रहेगा पर्याप्त पुलिस बल

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को विसर्जन स्थल के साथ ही आवागमन मार्गों पर सतर्क निगरानी रखने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर आशीष कुमार त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी सदर रणधीर मिश्रा, सदर तहसीलदार अमित सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत चुर्क सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |