Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: शक्तिनगर में बैटरी चोरी का खुलासा, चार गिरफ्तार; नौ बैटरियां बरामद।

कृष्णशिला खदान के सब स्टेशन-C से चोरी हुई थीं बैटरियां, वायरलेस का बक्सा चोरी करने की घटना में भी संलिप्तता स्वीकार

सोनभद्र। शक्तिनगर थाना पुलिस ने बैटरी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक्साइड कंपनी की नौ बैटरियां बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कृष्णशिला खदान की पहाड़ी से वायरलेस का बक्सा और उसमें रखा सामान चोरी करने की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, 12 और 13 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि कृष्णशिला के सीएचपी एरिया स्थित सब स्टेशन-C से नौ बैटरियां चोरी हो गई थीं। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरी की संपत्ति की बरामदगी और आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

इसी क्रम में 16 अक्टूबर की रात चौकी बीना क्षेत्र में पुलिस गश्त और चोरी की घटनाओं की रोकथाम के दौरान मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने रात करीब 9:12 बजे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर झाड़ियों में दो बोरों के अंदर छिपाकर रखी गईं एक्साइड कंपनी की नौ बैटरियां बरामद की गईं। मौके पर बुलाकर वादी से बैटरियों की पहचान कराई गई, जिन्होंने इन्हें चोरी गई बैटरियां बताया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने 12/13 अक्टूबर की रात सब स्टेशन-C से बैटरियां चोरी की थीं और उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। इसके अलावा, आरोपियों ने पांच सितंबर 2026 की रात कृष्णशिला खदान की पहाड़ी से वायरलेस का बक्सा और उसमें रखा सामान चोरी करने की घटना में भी शामिल होने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखनन्दन कुमार निवासी डफाली टोला बीना, मूल निवासी गढ़वा (झारखंड), रोशन निवासी डफाली टोला बीना, चेतन सिंह निवासी कोटा बस्ती, थाना शक्तिनगर तथा हंस लाल साकेत निवासी सुहिरा, थाना माड़ा, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 182/2026, धारा 305(e) व 317(2) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 169/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत संबंधित अभियोग दर्ज होने की जानकारी दी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक घनश्याम तिवारी, उपनिरीक्षक रामबचन सिंह यादव तथा कांस्टेबल सत्यम सरोज, विजय प्रताप, अमृतलाल, आशीष मिश्रा और कमल शामिल रहे।

सोनभद्र पुलिस ने बताया कि जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |