संग्रामपुरः मां कालिका धाम पहुंचे एसपी,विधि विधान से की सांध्य आरती
October 16, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। शारदीय नवरात्रि के छठवें दिन शुक्रवार को प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां कालिका धाम में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। अमेठी के पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने विगत वर्षों की परंपरा के अनुसार मां कालिका के दरबार में पहुंचकर सांध्य आरती में भाग लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह और थाना संग्रामपुर प्रभारी संजय सिंह भी मौजूद रहे। मंदिर परिसर में पीठाधीश्वर श्री महाराज सहित अन्य पुजारियों ने विधि-विधान से मंत्रोच्चार कराया। इसके बाद मां दुर्गा के छठवें स्वरूप मां कात्यायनी की आरती की गई। आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। मां कालिका की आरती के बाद भगवान शिव और मां गायत्री की भी आरती की गई। तत्पश्चात श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। शुक्रवार की शाम मां कालिका धाम में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में महिलाओं की संख्या अधिक रही। भक्तों ने मां के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। नवरात्रि के चलते मंदिर में पूरे दिन धार्मिक गतिविधियां चलती रहीं और शाम की आरती में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पीठाधीश्वर श्री महाराज ने बताया कि नवरात्रि के छठवें दिन मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां कात्यायनी की आराधना से सुख-समृद्धि और कल्याण की प्राप्ति होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से श्रद्धा और भक्ति के साथ मां की उपासना करने की अपील की। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
