Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: बिना फिटनेस दौड़ रहीं एम्बुलेंस पर परिवहन विभाग का शिकंजा।

दो दिन में छह एम्बुलेंस का चालान, 40 से अधिक वाहनों की फिटनेस फेल; कागजातों की हो रही सघन जांच।

सोनभद्र, संवाददाता। जनपद में बिना वैध फिटनेस और आवश्यक दस्तावेजों के संचालित हो रही एम्बुलेंस के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को पिपरी रोड पर एआरटीओ प्रशासन कौशल कुमार सिंह के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें दो एम्बुलेंस आवश्यक कागजातों के बिना संचालित पाई गईं। दोनों वाहनों का चालान कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार अभियान के पहले दिन पीटीओ मनोज कुमार गुप्ता द्वारा चार एम्बुलेंसों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई थी। इस प्रकार दो दिनों में कुल छह एम्बुलेंसों पर कार्रवाई हो चुकी है। जांच के दौरान एम्बुलेंसों की फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र तथा अन्य जरूरी अभिलेखों की बारीकी से जांच की जा रही है।
चेकिंग अभियान की जानकारी मिलते ही कुछ एम्बुलेंस चालक अपने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर मौके से निकल गए। परिवहन विभाग की टीम ऐसे वाहनों की भी पहचान कर रही है।
एआरटीओ कौशल कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में लगभग 105 एम्बुलेंस पंजीकृत हैं, जिनमें करीब 40 वाहनों की फिटनेस अवधि समाप्त हो चुकी है। ऐसे वाहनों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना वैध फिटनेस, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के कोई भी एम्बुलेंस सड़क पर संचालित पाई गई तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य एम्बुलेंस संचालन में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना तथा मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना है। परिवहन विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी सघन जांच अभियान जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |