Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: लाहौरी जीरा के अंदर छुपा था 93 लाख की 625 पेटी अवैध शराब, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार।

लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियों की आड़ में हो रही थी तस्करी, ट्रक से रॉयल स्टैग और रॉयल ग्रीन की 625 पेटियां बरामदहरियाणा से झारखंड ले जाई जा रही थी शराब, रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की कार्रवाई

सोनभद्र। ऑपरेशन शुद्धि के तहत सोनभद्र पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस, एसओजी और हिन्दुआरी, चुर्क व लोढ़ी चौकी की संयुक्त टीम ने एक ट्रक से 625 पेटियों में भरी 9,588 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये है। इसके अलावा लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की 1,275 यूनिट, एक ट्रक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अवैध शराब की तस्करी और कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय/नगर मेविस टॉक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे छिपाई थी शराब

पुलिस के मुताबिक, 14 और 15 अक्टूबर की मध्यरात्रि शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पंचमुखी हनुमान मंदिर से आगे चुर्क की तरफ सड़क से हटकर मैदान में खड़े एक ट्रक की जांच की गई। ट्रक के केबिन में बैठे दो व्यक्तियों ने अपना नाम नसीब चन्द राजपूत और कृष्णपाल राजपूत बताया। उन्होंने ट्रक में लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक लदे होने की बात कहते हुए इनवॉइस और ई-वे बिल भी प्रस्तुत किए।

पुलिस के अनुसार दस्तावेजों में माल दिल्ली से झारखंड भेजे जाने का उल्लेख था, जबकि चालक माल हरियाणा के पानीपत और पंचकूला से लादकर लाने की बात बता रहे थे। दस्तावेजों और उनके बयानों में विसंगति मिलने पर ट्रक की तलाशी ली गई। इस दौरान कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

रॉयल स्टैग और रॉयल ग्रीन की 625 पेटियां बरामद

पुलिस ने बताया कि बरामद शराब में रॉयल स्टैग 750 एमएल की 407 पेटियों में 4,884 शीशी, रॉयल स्टैग 180 एमएल की 58 पेटियों में 2,784 शीशी और रॉयल ग्रीन 750 एमएल की 160 पेटियों में 1,920 शीशी शामिल हैं। इस तरह कुल 625 पेटियों में 9,588 शीशी शराब बरामद हुई। शराब की बोतलों पर 'ओनली फॉर पंजाब सेल' अंकित था। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी शराब के परिवहन और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नसीब चन्द राजपूत (40), पुत्र रामदेव राजपूत, निवासी ग्राम जामली, थाना बिलासपुर, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश तथा कृष्णपाल राजपूत (38), पुत्र दिलाराम, निवासी ग्राम एवं पोस्ट काथला, थाना स्वारघाट, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को 15 अक्टूबर की रात करीब 1:08 बजे गिरफ्तार किया।

इस मामले में रॉबर्ट्सगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 839/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) में मुकदमा दर्ज किया गया है।

तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस की पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर शराब की आपूर्ति के स्रोत, वाहन स्वामी की भूमिका और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, निरीक्षक अपराध बनारसी यादव, एसओजी प्रभारी रामस्वरूप वर्मा, हिन्दुआरी चौकी प्रभारी विनय कुमार सिंह, चुर्क चौकी प्रभारी धर्मनारायण भार्गव, लोढ़ी चौकी प्रभारी उमाशंकर यादव समेत थाना रॉबर्ट्सगंज और एसओजी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।पुलिस टीम को दस हजार का इनाम भी दिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |