पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा पत्र, एसआईआर के दौरान कटे नामों की फोटोयुक्त सूची उपलब्ध कराने की उठाई मांग।
सोनभद्र। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कथित अनियमितताओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने सवाल उठाए हैं। पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने विधानसभा राबर्ट्सगंज की मतदाता सूची में 4180 दोहरे एवं संदिग्ध नाम होने की शिकायत करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सोनभद्र को पत्र सौंपकर मतदाता सूची का भौतिक सत्यापन कराने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
रविवार को अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में अविनाश कुशवाहा ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा राबर्ट्सगंज क्षेत्र में विपक्ष के लगभग 51,386 मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए हैं। उनका आरोप है कि भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग की प्रक्रिया का दुरुपयोग कर मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले भी मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठा चुके हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि एसआईआर के दौरान विधानसभा राबर्ट्सगंज की मतदाता सूची में ऐसे 4180 नाम होने की शिकायत मिली है, जिनमें नाम, पता, वल्दीयत और उम्र समान होने के बावजूद अलग-अलग ईपीआईसी नंबरों से कई प्रविष्टियां दर्ज हैं। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इन शिकायतों की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की कि सोनभद्र की सभी विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर के तहत हटाए गए मतदाताओं की फोटोयुक्त सूची सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनके कार्यकर्ता सूची का भौतिक सत्यापन कर सकें। साथ ही सभी बूथों पर मतदाता सूची की सघन जांच कराई जाए और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से घर-घर जाकर सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। जांच में दोहरे अथवा अपात्र नाम मिलने पर निर्वाचन नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए।
फॉर्म-6 की रसीद नहीं देने का भी उठाया मुद्दा
अविनाश कुशवाहा ने नए मतदाताओं के पंजीकरण को लेकर भी शिकायत की। उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए अभियान चल रहा है, लेकिन कई बीएलओ द्वारा फॉर्म-6 जमा करने वाले आवेदकों को प्राप्ति रसीद नहीं दिए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ आवेदन अंतिम समय में निर्वाचन कार्यालय में उपेक्षित रह जाते हैं या कूड़ेदान में फेंक दिए जाते हैं, जिससे आवेदन करने के बावजूद पात्र लोग मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह सकते हैं। उन्होंने मांग की कि फॉर्म-6 जमा करने वाले प्रत्येक आवेदक को प्राप्ति रसीद दी जाए और सभी आवेदनों की स्थिति की निगरानी की जाए, ताकि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल होने से न छूटे। पूर्व विधायक ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और निष्पक्ष चुनाव के लिए शुद्ध एवं पारदर्शी मतदाता सूची आवश्यक है। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला निर्वाचन अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र जांच और आवश्यक कार्रवाई करेंगे, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में आम जनता का विश्वास बना रहे।
