Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: नशे के कारोबार से अर्जित 23.86 लाख की संपत्ति फ्रीज, सोनभद्र पुलिस की कार्रवाई

एनडीपीएस एक्ट के तहत शक्तिनगर पुलिस ने की कार्रवाई, जिले में अब तक छह मामलों में 5.56 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त या फ्रीज

सोनभद्र, 24 अक्टूबर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शक्तिनगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में आरोपी दीपक कुमार भारती की 23 लाख 86 हजार रुपये मूल्य की आवासीय संपत्ति फ्रीज कर दी। पुलिस के अनुसार, जनपद में अब तक मादक पदार्थों से जुड़े छह मामलों में कुल 5 करोड़ 56 लाख 25 हजार 695 रुपये की संपत्ति जब्त अथवा फ्रीज की जा चुकी है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। शक्तिनगर थाना प्रभारी सत्येन्द्र राय और पिपरी थानाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव की ओर से संबंधित प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक, शक्तिनगर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 20/2026 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 27-ए और 29 के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में आरोपी दीपक कुमार भारती पुत्र गुलाब भारती, निवासी डिबुलगंज, थाना अनपरा, सोनभद्र की 23,86,000 रुपये मूल्य की आवासीय संपत्ति को फ्रीज किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह संपत्ति मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित धनराशि से खरीदी गई थी।

संपत्ति फ्रीज करने का आदेश 21 अक्टूबर 2026 को जारी हुआ था। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के सक्षम प्राधिकारी एवं न्यायनिर्णायक प्राधिकारी, नई दिल्ली ने वाद संख्या NDPSA/FO/1305/DAL/2026 में इस आदेश को अनुमोदित किया था। आदेश के अनुपालन में 24 अक्टूबर को संबंधित आवासीय संपत्ति पर फ्रीजिंग आदेश का नोटिस चस्पा किया गया।

आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अनपरा थाने में वर्ष 2023 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2025 में भी एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज किया गया। वर्तमान में शक्तिनगर थाने में दर्ज मुकदमे के अतिरिक्त वर्ष 2019 में अनपरा थाने में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित धाराओं में भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

छह मामलों में 5.56 करोड़ से अधिक की संपत्ति फ्रीज

सोनभद्र पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में अब तक छह मामलों में कुल 5,56,25,695 रुपये की संपत्ति जब्त अथवा फ्रीज की गई है। इसमें रॉबर्ट्सगंज थाने के दो, अनपरा के एक, शक्तिनगर के दो और म्योरपुर थाने का एक मामला शामिल है।

थाना रॉबर्ट्सगंज में कोडीनयुक्त कफ सिरप से जुड़े प्रकरण में 4 करोड़ 50 लाख 13 हजार 541 रुपये की संपत्ति जब्त या फ्रीज की गई। इसी थाने के एक अन्य हेरोइन प्रकरण में 1 लाख 8 हजार 156 रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई हुई। अनपरा थाने के हेरोइन मामले में 26 लाख 62 हजार 165 रुपये की संपत्ति जब्त या फ्रीज की गई।

वहीं, शक्तिनगर थाने के एक अन्य प्रकरण में 15 लाख 72 हजार 140 रुपये तथा म्योरपुर थाने के मामले में 38 लाख 83 हजार 693.52 रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की गई। शक्तिनगर में शनिवार को की गई कार्रवाई में 23 लाख 86 हजार रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई।

पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर जब्त या फ्रीज करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |