जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और सीडीओ जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर दल को किया रवाना
सोनभद्र, 25 अक्टूबर। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत सोनभद्र के ग्रामीण अंचलों में स्थित चार पीएम श्री विद्यालयों के 160 छात्र-छात्राओं का दल रविवार को पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के लिए आईआईटी दिल्ली रवाना हुआ। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों के दल को रवाना किया। इस दौरान अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह शैक्षणिक भ्रमण 25 से 29 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज कोन, राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी तथा राजकीय इंटर कॉलेज चपकी के 40-40 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना और उन्हें उच्च शिक्षा के बेहतर अवसरों से परिचित कराना है।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली, नेहरू प्लैनेटेरियम, राष्ट्रपति भवन, नेशनल साइंस सेंटर सहित दिल्ली के विभिन्न ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक स्थलों का अवलोकन करेंगे। प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों और विज्ञान से जुड़े केंद्रों को करीब से देखने का अवसर मिलने से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नई चीजों को जानने की जिज्ञासा और भविष्य में बेहतर करियर बनाने की प्रेरणा विकसित होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि एक्सपोजर विजिट विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक दुनिया को समझने का अवसर प्रदान करती है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों की सोच का दायरा बढ़ता है और उनमें नई चीजों को जानने-समझने की जिज्ञासा पैदा होती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अनुभव विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने और भविष्य में बेहतर करियर चुनने के लिए प्रेरित करते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा कि यह भ्रमण छात्र-छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। इससे उन्हें प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों एवं महत्वपूर्ण स्थलों को करीब से देखने और उनके बारे में जानकारी प्राप्त करने का मौका मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, नई जानकारियां हासिल करने तथा इस अनुभव का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने इस शैक्षणिक भ्रमण के लिए जिला समन्वयक, समग्र शिक्षा अरविंद सिंह चौहान को जनपद का नोडल अधिकारी नामित किया है। अरविंद सिंह चौहान पूरे भ्रमण कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ रहेंगे। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक विद्यालय से तीन-तीन यात्रा प्रभारी एवं सह-प्रभारी भी छात्र-छात्राओं के साथ भेजे गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा, व्यवस्था एवं आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखा जा सके।
यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे छात्र-छात्राओं को विज्ञान, तकनीक और उच्च शिक्षा की संभावनाओं को समझने के साथ अपने भविष्य के लिए नए लक्ष्य तय करने का अवसर मिलेगा।
