Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

तिलोई: संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी


तिलोई/अमेठी। जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील तिलोई में जिलाधिकारी शशांक चैधरी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं, जबकि पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई कर आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ताओं को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, हीलाहवाली या उदासीनता मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जनशिकायतों का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। जिन मामलों में अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता नहीं है, उनका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करने और जरूरत पड़ने पर मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करने के निर्देश भी दिए गए। समाधान दिवस में भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, पेंशन, आवास सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। चारों तहसीलों में कुल 142 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें तिलोई में 61 शिकायतों में से चार, गौरीगंज में 34 में से चार तथा मुसाफिरखाना में 19 में से एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। अमेठी तहसील में प्राप्त 28 शिकायतों के समाधान के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर भेजी गईं। इस प्रकार कुल नौ शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। डीएम ने सभी जनपदीय अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालयों में जनसुनवाई करने और शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |