लखनऊः एएसएमसी से संबद्ध जिला चिकित्सालय में नवीन न्यूरोसर्जिकल ओपीडी का शुभारंभ! अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा महानगर
October 05, 2026
लखनऊ/लखीमपुर खीरी। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, स्वायत्त राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (।ैडब्) से संबद्ध जिला चिकित्सालय में नवीन न्यूरोसर्जिकल ओपीडी की शुरुआत की गई है। इस ओपीडी का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. वाणी गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में डॉ. सिद्धार्थ सिंह द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने न्यूरो सर्जरी से संबंधित कई मरीजों को देखा।प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ वाणी गुप्ता ने बताया कि इस नई पहल का मुख्य उद्देश्य न्यूरोसर्जरी से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं को आम जनमानस के लिए सुलभ बनाना है। अब जिले एवं आस-पास के मरीजों को मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी और तंत्रिका तंत्र से जुड़ी गंभीर बीमारियों के लिए महानगरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस ओपीडी के माध्यम से मरीजों को समय पर विशेषज्ञ न्यूरोसर्जिकल परामर्श, आवश्यक जांच और उचित उपचार एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा सकेगा।डॉ. सिद्धार्थ सिंह ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. वाणी गुप्ता के मार्गदर्शन में शुरू की गई यह सुविधा मरीजों की बेहतर देखभाल एवं स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। स्वायत्त राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, लखीमपुर खीरी जिले के नागरिकों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं और उत्तम मरीज देखभाल प्रदान करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. वाणी गुप्ता के साथ-साथ सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश वर्मा, रेडियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. डी. पुष्कर और बाल रोग (पीडियाट्रिक्स) विभाग के अध्यक्ष डॉ. आरपी. वर्मा भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
