प्रतापगढ़/बाबागंज। बाबागंज ब्लाक की पूरे झाऊ ग्रामसभा में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन की लूट का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से नाली, खड़ंजा, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन, ह्यूम पाइप, रिबोर और सामुदायिक शौचालय के निर्माण व मरम्मतीकरण के नाम पर लाखों रुपये के घोटाले की शिकायत जिलाधिकारी से की गई है। ग्रामीणों ने शपथपत्र देकर तीन वित्तीय वर्षों के विकास कार्यों की जांच कराने और सरकारी धन के बंदरबांट में शामिल जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वित्तीय वर्ष 2021-22, 2025-26 और 2026-27 में ग्रामसभा में कराए गए विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन का जमकर दुरुपयोग किया गया। एक ही कार्य को अलग-अलग नाम देकर कई बार भुगतान निकालने का आरोप ग्राम प्रधान और पंचायत सचिवों पर लगाया गया है। नाली, खड़ंजा निर्माण से लेकर आंगनबाड़ी, पंचायत भवन, ह्यूम पाइप, रिबोर और सामुदायिक शौचालय के निर्माण एवं मरम्मतीकरण तक में लाखों रुपये की अनियमितता किए जाने की शिकायत है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर सरकारी रकम निकाली गई, लेकिन खर्च का हिसाब और कार्यों की वास्तविक स्थिति जांच के दायरे में आनी चाहिए।
राजकुमार, रामबदल, रावेंद्र, गया, धर्मेंद्र कुमार, संदीप यादव, वंशीलाल, कमलेश कुमार समेत करीब एक दर्जन ग्रामीणों ने शपथपत्र के साथ जिलाधिकारी से शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की गुहार लगाई है। शिकायत में संबंधित वित्तीय वर्षों के भुगतान, कार्यों के अभिलेखों और मौके पर हुए निर्माण की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।
अब निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं। सवाल यह है कि शपथपत्र के साथ दी गई शिकायत पर जांच कराकर सरकारी धन के दुरुपयोग का हिसाब लिया जाएगा या फिर ग्रामीणों की शिकायत भी सरकारी फाइलों में दबकर रह जाएगी। जांच में अनियमितता सामने आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होती है या नहीं, यह प्रशासन के अगले कदम से तय होगा।
