प्रतापगढ़। जिले में सोमवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय मीराभवन पर शरद पूर्णिमा के अवसर पर महर्षि वाल्मीकि जी एवं पिछड़ों, दलितों, गरीबों तथा शोषितों को जागरूक करने वाले संत शिरोमणि नामदेव जी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
जयंती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी संस्कृत के महान आदिकवि एवं रामायण के रचयिता थे। उन्होंने अपने महान काव्य के माध्यम से मर्यादा, सत्य, न्याय, कर्तव्य और आदर्श जीवन के मूल्यों को समाज तक पहुँचाया। उनका जीवन यह संदेश देता है कि ज्ञान, साधना और सद्कर्मों के माध्यम से व्यक्ति समाज को नई दिशा दे सकता है। उनके विचार आज भी मानवता, नैतिकता और सामाजिक कल्याण की प्रेरणा देते हैं।
संत शिरोमणि नामदेव जी महान संत, भक्त और समाज सुधारक थे। उन्होंने भक्ति, प्रेम, समानता और मानवता का संदेश देकर समाज में व्याप्त ऊँच-नीच तथा जातिगत भेदभाव का विरोध किया। उनकी वाणी ने समाज के वंचित, पिछड़े और शोषित वर्गों को सम्मान एवं समानता का संदेश दिया। उन्होंने सिखाया कि ईश्वर की भक्ति में जाति, वर्ग और सामाजिक भेदभाव का कोई स्थान नहीं है तथा सभी मनुष्य समान हैं। दोनों महापुरुषों के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों पर चलकर ही एक समतामूलक, न्यायपूर्ण और भेदभावमुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। समाजवादी विचारधारा भी सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के सम्मान के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देती है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष आशुतोष पांडेय, कोषाध्यक्ष अश्वनी सोनी, पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष मनीष पाल, नगर अध्यक्ष निसार अहमद, सांसद मीडिया प्रभारी वकार अहमद, अनिल मौर्या, अब्दुल हई, प्रदीप यादव, राजेन्द्र यादव, गजाधर प्रसाद पटेल, फैजान अहमद, रोहन कुमार, प्रवेश मौर्या सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।
