प्रतापगढ। जिलाधिकारीध्जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने एनआईसी सभागार में मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिए जाने के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में संबंधित उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया, भौतिक सत्यापन तथा प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में पूर्व में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया था। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन भी कराया जा चुका है। इसके बाद 19 अक्टूबर को मतदेय स्थलों के आलेख्य प्रस्ताव का प्रकाशन करते हुए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची उपलब्ध कराई गई थी। प्राप्त सुझाव एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद अब मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बैठक में प्रस्तुत विवरण के अनुसार सम्भाजन से पूर्व जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 2893 मतदेय स्थल एवं 1683 मतदान केन्द्र थे। मतदाताओं की संख्या एवं निर्धारित मानकों के आधार पर 100 मतदेय स्थलों का समायोजन किया गया। वहीं 1200 से अधिक मतदाता होने के कारण 7 नए मतदेय स्थल बढ़ाए गए, जबकि 3 मतदान केन्द्र कम हुए। सम्भाजन के बाद अब जनपद में कुल 2800 मतदेय स्थल एवं 1680 मतदान केन्द्र रह गए हैं। विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति में रामपुरखास में मतदेय स्थल 373 से घटकर 358, बाबागंज (अ.जा.) में 372 से 351, कुण्डा में 419 से 405, विश्वनाथगंज में 473 से 460, प्रतापगढ़ में 413 से 400, पट्टी में 445 से 430 तथा रानीगंज में 398 से 396 रह गए हैं। मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन के बाद जनपद में कुल 26 मतदेय स्थलों के भवनों में परिवर्तन किया गया है।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि मतदेय स्थलों के संबंध में यदि कोई आपत्ति अथवा सुझाव है तो उसे आज ही उपलब्ध करा दें, ताकि मतदेय स्थलों की सूची को आज रात्रि तक अंतिम रूप दिया जा सके। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि मतदाता पुनरीक्षण के दौरान यदि किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में छूट गया है तो उसकी सूचना लिखित रूप में उपलब्ध कराएं। ऐसे पात्र मतदाताओं का नाम ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। इसके लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी सक्रियता के साथ सहयोग करें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रेमचंद मौर्य सहित राजनैतिक दलोे के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
