चांदा/सुलतानपुर। चांदा थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए तीन युवकों और दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पांचों को पूनीभीमपट्टी अंडरपास के पास से पकड़ा। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी लम्भुआ के पर्यवेक्षण में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 अक्टूबर 2026 को चांदा थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 307ध्26 से संबंधित मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि पूनीभीमपट्टी अंडरपास के नीचे पांच संदिग्ध मौजूद हैं। वे चोरी का सामान बेचने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और पांचों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार पुत्र बसंत लाल, मनीष निषाद पुत्र जगदीश निषाद और शनि गुप्ता पुत्र नेपाल गुप्ता के रूप में हुई है। इनके साथ दो बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया है। तीनों युवक क्रमशः प्रतापगढ़ और जौनपुर जनपद के निवासी बताए गए हैं, जबकि दोनों बाल अपचारी प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा, उपनिरीक्षक मेराज हुसैन, कांस्टेबल सर्वजीत मौर्य, परवेंद्र सिंह, प्रेमदीप गौतम, कुनाल बाबू और प्रद्युम्न शामिल रहे।
