बल्दीराय/सुलतानपुर। आगामी नवरात्र, दुर्गा पूजा, दशहरा, रावण वध एवं रामलीला मंचन को लेकर गुरुवार को बल्दीराय क्षेत्र में पीस कमेटी की गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में उपजिलाधिकारी बल्दीराय प्रभात सिंह, क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार एवं हलियापुर थाना प्रभारी अतुल श्रीवास्तव की मौजूदगी में क्षेत्र के ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, धर्मगुरु, मौलवी, मौलाना, डीजे संचालक, मूर्ति स्थापना आयोजक व सदस्य, मूर्तिकार, गोताखोर एवं नाविक शामिल हुए।
बैठक में आगामी पर्वों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने शासन एवं उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों से सभी को अवगत कराया। मूर्ति स्थापना, विसर्जन, रामलीला मंचन, रावण वध और डीजे संचालन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई।
अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए। सभी आयोजक आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्यक्रम संपन्न कराएं। वहीं, मूर्ति विसर्जन के दौरान गोताखोरों और नाविकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मौजूद ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, धर्मगुरु एवं आयोजकों ने शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार संपन्न कराने में सहयोग का भरोसा दिलाया।
