अमेठीः लाइसेंस पत्रावलियों में मिलीं खामियां! डीएम के निरीक्षण में एआरटीओ कार्यालय की खुली पोल
October 24, 2026
अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चैधरी ने शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान लाइसेंस संबंधी पत्रावलियों में खामियां मिलने और कई माह से प्रकरण लंबित पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा वरिष्ठ सहायक संजय सिंह के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय के विभिन्न पटलों पर संचालित कार्यों, लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया, कर वसूली और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यालय में मौजूद लोगों से उनके आने का प्रयोजन पूछा तथा लाइसेंस बनवाने पहुंचे अभ्यर्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। लाइसेंस संबंधी पत्रावलियों की जांच के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि जिन अभ्यर्थियों की टेस्टिंग की जाती है, उनकी फाइल में संबंधित फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से लगाए जाएं और टेस्टिंग रिपोर्ट भी दर्ज की जाए। सितंबर माह में जारी किए गए 10 लाइसेंसों की पत्रावलियों की जांच में भी विभिन्न खामियां मिलीं। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान कई माह से टेस्टिंग और लाइसेंस जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थी आशुतोष सिंह का मामला सामने आया। डीएम ने वरिष्ठ सहायक संजय सिंह को फटकार लगाते हुए संबंधित अभ्यर्थी की टेस्टिंग कर उसी दिन लाइसेंस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही एआरटीओ महेंद्र बाबू गुप्ता को वरिष्ठ सहायक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। कर वसूली की समीक्षा में 312 रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी होने की जानकारी मिली। डीएम ने इन मामलों में शीघ्र वसूली के निर्देश दिए। उन्होंने वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र और फिटनेस से जुड़े लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कार्यालय में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित करने, साफ-सफाई बनाए रखने और सभी परिवहन संबंधी कार्यों को पारदर्शी तरीके से समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश दिए।
