अमेठीः डीएपी खाद पहुंचते ही उमड़ी किसानों की भीड़
October 24, 2026
अमेठी। जिले के आईएफएफडीसी कृषक सेवा केंद्र पंडित का पुरवा में शनिवार सुबह 500 बोरी डीएपी खाद पहुंचते ही किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खेतों में बुवाई की तैयारी कर रहे किसानों को खाद उपलब्ध होने से बड़ी राहत मिली। कृषक सेवा केंद्र की प्रभारी सुभासिनी श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार सुबह केंद्र पर 500 बोरी डीएपी खाद की खेप पहुंची। खाद पहुंचने के बाद तत्काल विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं और किसानों को खाद का वितरण शुरू करा दिया गया। उन्होंने बताया कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए खाद वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। वहीं, केंद्र पर डीएपी खाद 1350 रुपये प्रति बोरी की निर्धारित सरकारी दर पर मिलने से किसानों के चेहरे खिल उठे। खाद लेने पहुंचे किसानों ने बताया कि इस केंद्र पर निर्धारित मूल्य से अधिक पैसा नहीं लिया जाता है। सभी किसानों को सरकारी दर पर ही खाद उपलब्ध कराई जाती है। किसानों का कहना है कि बुवाई के समय डीएपी खाद मिलने से खेती का काम समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी। खाद की उपलब्धता से क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली है।
