मुख्य चुनाव आयुक्त पर कांग्रेस पर्यवेक्षक का तीखा हमला, बोले- चुनाव आयोग की विश्वसनीयता संदेह के घेरे में
पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी की सरकार वोट चोरी कर देश के लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रही है। बिहार और बंगाल में एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के वोट काटे जा रहे हैं और लोगों को उनके मताधिकार से वंचित किया जा रहा है। यह लोकतंत्र के लिए बेहद घातक है। यह आरोप अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक तरुण त्यागी ने जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में लगाए।
तरुण त्यागी ने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान मताधिकार देकर लोकतंत्र को मजबूत बनाया है, लेकिन भाजपा सरकार मतदाताओं के अधिकारों पर हमला कर रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा की कठपुतली बनकर काम कर रहा है। आयोग की कार्यप्रणाली ने चुनाव की निष्पक्षता को संदेह के घेरे में खड़ा कर दिया है।
उन्होंने दावा किया कि देश के 30 राज्यों में एसआईआर के दौरान 13 करोड़ 50 लाख से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। पीलीभीत में भी मतदाता सूची को प्रभावित करने का काम किया गया है। राहुल गांधी लगातार चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। त्यागी ने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों को बाधित किया जा रहा है।कांग्रेस पर्यवेक्षक ने बताया कि एक नवंबर को राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ दिल्ली के रामलीला मैदान में लोकतंत्र बचाओ महारैली आयोजित की जाएगी। इसमें देशभर से लाखों लोग शामिल होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रैली में पहुंचने से रोकने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षों द्वारा कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने के लिए रेलवे से ट्रेन की मांग की गई थी, लेकिन रेल मंत्रालय ने पहले अनुमति देने के बाद ट्रेन उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता निजी वाहनों, बसों और अन्य साधनों से दिल्ली पहुंचेंगे।तरुण त्यागी ने कहा कि भाजपा व्यापारियों को मोहरा बनाकर जनता को भ्रमित कर रही है। रैली में शामिल होने वाले कार्यकर्ता दिल्ली में खानपान और अन्य आवश्यकताओं पर खर्च करेंगे, जिससे वहां के व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।पत्रकार वार्ता के बाद तरुण त्यागी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर महारैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा ने कहा कि जनपद से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी ट्रेन, बस और निजी वाहनों से दिल्ली पहुंचेंगे।शहर अध्यक्ष श्रीकृष्ण गंगवार ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के उद्देश्य से आयोजित महारैली को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। शहर से भी बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होंगे।बैठक में अल्पसंख्यक प्रदेश उपाध्यक्ष अनवर अनीश, ईश्वर दयाल पासवान, पीसीसी सदस्य पुष्पा गंगवार, यूसुफ मलिक, प्रवक्ता हेमंत मिश्रा एडवोकेट, ब्लॉक अध्यक्ष हरीश मौर्य, छात्र कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष इश्तियाक अहमद, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप गंगवार, मंडल अध्यक्ष मोहम्मद कामरान, शहर उपाध्यक्ष नसीम जहां मुन्नी, राकेश मिश्रा, जिला सचिव सुजात हुसैन, अंकुर गुप्ता, अल्पसंख्यक शहर अध्यक्ष सिद्दीकी अहमद, अखलाक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
