Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बीसलपुरः मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, दिव्या गंगवार ने एसडीएम प्रमेश कुमार को सौंपा ज्ञापन


बीसलपुर। समाजवादी पार्टी  महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव दिव्या पी. गंगवार ने बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। शनिवार को अपने आवास पर पत्रकार वार्ता कर उन्होंने मतदाता सूची में फर्जीवाड़े और अनियमितताओं के आरोप लगाए। इसके बाद उन्होंने उपजिलाधिकारी प्रमेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पत्रकार वार्ता में दिव्या गंगवार ने दावा किया कि वह अब तक बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब 6500 कथित फर्जी वोट पकड़ चुकी हैं। उन्होंने क्षेत्र में करीब 16 हजार फर्जी वोट होने की आशंका जताई, जबकि पूरी पड़ताल होने पर यह आंकड़ा 25 से 30 हजार तक पहुंचने की संभावना भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में एक ही मतदाता के नाम अलग-अलग गांवों और बूथों पर दर्ज होने के मामले सामने आ रहे हैं। कुछ मामलों में एक ही नाम और पिता के नाम पर अलग-अलग बूथों पर वोट दर्ज होने का दावा भी किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में कई लोगों के नाम, पिता के नाम, ईपीआईसी नंबर और पते में बदलाव किया गया है। कुछ मतदाताओं के नामों की वर्तनी भी गलत दर्ज है। एक ही ईपीआईसी आईडी पर कई प्रविष्टियां होने और एक ही मकान नंबर पर हिंदू-मुस्लिम परिवारों के कुल 19 वोट दर्ज होने का मामला भी उन्होंने उठाया। दिव्या गंगवार ने इन सभी प्रविष्टियों का नियमानुसार सत्यापन कराए जाने की मांग की।सपा नेत्री ने कहा कि वह मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर पहले भी तत्कालीन एसडीएम नागेंद्र पांडे और एडीएम से शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन उनके अनुसार अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक लोगों और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की मिलीभगत से मतदाता सूची में अनियमितताएं की जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस मामले को उच्च स्तर तक ले जाएंगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगी।

इसके बाद एसडीएम प्रमेश कुमार को सौंपे गए ज्ञापन में मतदाता सूचियों का बूथवार और घर-घर भौतिक सत्यापन कराने, एक ही ईपीआईसी आईडी पर दर्ज कई प्रविष्टियों तथा अलग-अलग आईडी से पंजीकृत एक ही व्यक्ति के मामलों की जांच कराने की मांग की गई। साथ ही नाम, आयु, पता और परिवार संबंधी विवरणों में त्रुटियों को नियमानुसार ठीक कराने तथा जानबूझकर गड़बड़ी पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया।दिव्या गंगवार ने मतदाता सूची को आधार कार्ड से लिंक करने की मांग भी उठाई, ताकि दोहरी प्रविष्टियों और अन्य अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। दिव्या गंगवार ने बताया कि उनके साथ में उनके पति चैधरी प्रदीप सिंह पटेल, रूपलाल महातिया, ओमपाल, पंकज, अवि गंगवार, भूदेव गंगवार, अमित गंगवार, डॉ रवि गंगवार, डॉ अरविंद गंगवार, सुदेश कुमार ने भी संघर्ष कर फर्जी वाड़ा पड़ा हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |