बीसलपुर। धान खरीद केंद्रों पर किसानों को हो रही समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम प्रमेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष अंग्रेज सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में धान खरीद प्रक्रिया में सुधार करने, किसानों का पंजीकरण और सत्यापन शुरू कराने समेत कई मांगें उठाई गईं। ज्ञापन में कहा गया कि किसानों के धान का पंजीकरण और सत्यापन नहीं होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते किसान अपनी उपज सरकारी धान क्रय केंद्रों पर नहीं बेच पा रहे हैं। संगठन ने मांग की कि किसानों के पंजीकरण और सत्यापन पर लगी रोक हटाई जाए, जिससे उन्हें धान बेचने में किसी तरह की दिक्कत न हो।
संगठन ने धान खरीद के लिए प्रति एकड़ 15 क्विंटल सत्यापन की सीमा को अपर्याप्त बताते हुए इसे बढ़ाकर 22 से 25 क्विंटल प्रति एकड़ करने की मांग की। संगठन का कहना है कि सत्यापन की सीमा कम होने से किसानों की पूरी उपज सरकारी खरीद के दायरे में नहीं आ पा रही है। ऐसे में सीमा बढ़ाए जाने से किसानों को राहत मिल सकेगी।ज्ञापन में धान क्रय केंद्रों पर बिचैलियों की ओर से होने वाली कथित फर्जी तौल पर रोक लगाने की मांग भी की गई। इसके लिए संगठन ने प्रत्येक क्रय केंद्र पर प्रतिदिन खरीदे जाने वाले धान की मात्रा सार्वजनिक करने का सुझाव दिया, ताकि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और किसानों के साथ किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके।इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित धान क्रय केंद्रों को मंडी परिसर अथवा अन्य उपयुक्त स्थानों पर सामूहिक रूप से संचालित कराने की मांग की गई। संगठन के अनुसार, इससे धान की वास्तविक तौल सुनिश्चित करने और खरीद व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द कार्रवाई करने की अपील की। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रेम सागर पटेल, देवेश कुमार, बृजेश और जसविंद्र सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो किसान धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
