बीसलपुर। बिलसंडा में अधूरी पड़ी काह्ना गोशाला का संचालन शुरू कराने और बेसहारा गोवंश को संरक्षण दिलाने की मांग को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा की बीसलपुर नगर इकाई ने आवाज उठाई है। संगठन के पदाधिकारियों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम प्रमेश कुमार को ज्ञापन सौंपा और गोशाला का संचालन जल्द शुरू कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश सरकार की योजना के तहत वर्ष 2020 में नगर पंचायत बिलसंडा में काह्ना गोशाला के निर्माण के लिए भूमि का चयन कर स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ। संगठन के अनुसार, वर्ष 2023 तक गोशाला का करीब 90 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका था, लेकिन शेष 10 प्रतिशत काम अधूरा होने के कारण गोशाला का संचालन अब तक शुरू नहीं हो सका है।संगठन ने कहा कि गोशाला संचालित नहीं होने से बिलसंडा नगर क्षेत्र में बेसहारा गोवंश सड़कों पर भटक रहा है। गोवंश कूड़ा-कचरा और पॉलीथिन खाने को मजबूर है। वहीं, निराश्रित गोवंश खेतों में पहुंचकर किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि जनहित को ध्यान में रखते हुए गोशाला को तत्काल अस्थायी रूप से संचालित कराया जाए, ताकि बेसहारा गोवंश को सुरक्षित स्थान मिल सके। साथ ही, अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराकर गोशाला का स्थायी संचालन सुनिश्चित किया जाए। संगठन का कहना है कि गोशाला शुरू होने से गोवंश को संरक्षण मिलने के साथ किसानों को फसलों के नुकसान से भी राहत मिलेगी।संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो बिलसंडा के ग्रामीणों और किसानों के साथ बीसलपुर तहसील से जिला मुख्यालय पीलीभीत तक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान अखिल भारत हिंदू महासभा की बीसलपुर नगर इकाई के नगर अध्यक्ष सुनील अवस्थी, विपिन गंगवार, रजनीश कुमार, राम प्रताप मिश्रा, दीपक मौर्य और नगर महामंत्री सतीश दीक्षित सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
