अमेठीः मिनी स्टेडियम में गंदगी पर सीडीओ सख्त, लगाई फटकार
October 01, 2026
अमेठी। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने विकासखंड भादर के ग्राम घोरहा स्थित नवनिर्मित ग्रामीण मिनी स्टेडियम का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेडियम परिसर में गंदगी, अस्त-व्यस्त जिम उपकरण और बुनियादी सुविधाओं की खराब स्थिति मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला युवा कल्याण अधिकारी मयंक पटेल समेत विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान स्टेडियम परिसर और अंदर के कक्षों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। इस पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए ग्राम पंचायत सचिव को सफाई कर्मियों की विशेष टोली लगाकर पूरे परिसर की नियमित और सघन सफाई कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ने स्टेडियम में उपलब्ध खेल सामग्री और ओपन जिम उपकरणों का भी जायजा लिया। कई उपकरण अस्त-व्यस्त स्थिति में मिले। उन्होंने सभी जिम उपकरणों और खेल सामग्री को व्यवस्थित ढंग से स्थापित कराने के निर्देश दिए। साथ ही मैदान में अभ्यास के लिए आने वाले बच्चों और युवाओं से संवाद कर उनकी जरूरत के अनुसार नियमानुसार खेल सामग्री उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने बैडमिंटन और खो-खो समेत अन्य खेलों के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप कोर्ट का चिन्हांकन कराने तथा आवश्यक सांकेतिक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। स्टेडियम में पेयजल और शौचालय की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। सीडीओ ने पेयजल आपूर्ति तथा शौचालयों की स्वच्छता व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने को कहा। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला युवा कल्याण अधिकारी को निरीक्षण में मिली सभी कमियों का शीघ्र निस्तारण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही की पुनरावृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीण मिनी स्टेडियम का उद्देश्य क्षेत्रीय युवाओं और खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए इसका प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।
