पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आ रहे नशीले पदार्थ के मॉड्यूल का खुलासा, दो गिरफ्तार
October 06, 2026
जम्मू पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित ड्रोन से नशीले पदार्थ सप्लाई किए जाने के मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने जम्मू के अरनिया इलाके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बेरेटा पिस्तौल, 2 मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस, 500 ग्राम हेरोइन और 500 ग्राम अफीम बरामद किया है। पुलिस की जांच में पता चला है कि दोनों आरोपियों को ड्रोन से गिराई गई दो खेपें मिली थीं और उनके पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से संबंध भी थे। आरोपियों ने स्वीकार किया है कि पहले भी उन्होंने ड्रोन से गिराई गई नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त की थी। फिलहाल अरनिया पुलिस स्टेशन में NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।
दरअसल, अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक गांव से दो लोगों की गिरफ्तारी की गई है। इन दोनों लोगों के पास से एक पिस्तौल और एक किलोग्राम नशीला पदार्थ भी बरामद किया गया है। इसके साथ ही सीमा पार नशीले पदार्थों की तस्करी के एक गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक कुछ समय पहले अरनिया सेक्टर के एक अग्रिम गांव में पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स द्वारा नशीले पदार्थों की खेप गिराए जाने (एयरड्रॉपिंग) का मामला सामने आया है। मामले की जांच के बाद ट्रेवा के राहुल कुमार और तलाहार के अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को सोमवार देर रात उनके घरों से पकड़ा गया। इसके बाद उनकी निशानदेही पर इटली में बनी एक पिस्तौल, दो मैगजीन, चार राउंड गोलियां, 500 ग्राम हेरोइन और 500 ग्राम अफीम बरामद की गई। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के साथ अपने संबंधों और अतीत में ड्रोन से गिराई गई नशीले पदार्थों की दो खेप प्राप्त करने की बात स्वीकार की है। अधिकारियों ने बताया कि नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।
