बीसलपुर। पकड़िया भट्टा के पास पीलीभीत रोड पर मोटरसाइकिल की टक्कर से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए पहले बीसलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें पीलीभीत रेफर किया गया। बाद में वहां से भी लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। मामले में पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। ग्राम अकबरगंज सिमरा निवासी अमरपाल पुत्र नन्हे लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे उनके मामा सुरेश चंद्र पुत्र स्वर्गीय जगदीश पीलीभीत रोड पर पकड़िया भट्टा के पास से जा रहे थे। इसी दौरान जोगीठेर गांव निवासी मुनेन्द्र ने मोटरसाइकिल से उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में सुरेश चंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें तत्काल बीसलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पीलीभीत रेफर कर दिया गया। पीलीभीत में भी हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन घायल का उपचार कराने में जुटे हैं। अमरपाल के मुताबिक, हादसे में मामा को गंभीर चोटें आई हैं। उपचार और देखभाल में व्यस्त होने के कारण वह तत्काल पुलिस से शिकायत नहीं कर सके। बाद में उन्होंने कोतवाली पहुंचकर मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुनेन्द्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 125(बी) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रवेश कुमार को सौंपी गई है।
