- गांधी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने किया प्रतिभाग
- जिले के सभी सात विकासखंडों और 720 ग्राम पंचायतों में हुआ सीधा प्रसारण
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से जारी की पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त
पीलीभीत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर जनपद में पीएम किसान उत्सव दिवस भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जनपद स्तर, विकासखंड स्तर और ग्राम पंचायत स्तर पर किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और योजना की जानकारी प्राप्त की।जनपद स्तर पर गांधी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख मरौरी सभ्यता वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक एवं जिला कृषि अधिकारी ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के महत्व और किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।जनपद के सभी सात विकासखंडों तथा 720 ग्राम पंचायतों में भी पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। विकासखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में कुल 785 किसानों ने प्रतिभाग किया, जबकि ग्राम पंचायतों में भी बड़ी संख्या में किसान कार्यक्रम से जुड़े।विकासखंड ललौरीखेड़ा में ब्लाक प्रमुख अजय सिंह गंगवार, अमरिया में ग्राम अमरिया के प्रधान पति मिन्नू मियां, बरखेड़ा में अशोक कुमार शर्मा, बिलसंडा में नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि अमन गुप्ता तथा पूरनपुर में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष ईश्वर दयाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने से किसानों को आर्थिक सहायता मिली है। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के प्रति जागरूक भी किया गया।
