बीसलपुर। ग्राम पंचायत अमरा करोड़ में पीडब्ल्यूडी की मुख्य सड़क पर कथित कब्जे और भवन निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से शिकायत की है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के नाम थाना दिवस, थाना बीसलपुर में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि एक व्यक्ति द्वारा मुख्य सड़क पर कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही, शिकायत में सरकारी कुएं को पाटकर निर्माण किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव से विद्यालय तक जाने वाली मुख्य सड़क ग्रामीणों और स्कूली वाहनों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इस मार्ग से खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक सामान ले जाने वाले वाहन भी गुजरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क पर निर्माण होने से रास्ता बाधित हुआ तो गांव के लोगों, स्कूली वाहनों और अन्य वाहनों के आवागमन में गंभीर परेशानी हो सकती है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी ग्राम प्रधान और हल्का लेखपाल को मौके पर स्थिति से अवगत कराया गया था। और प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य रुकवा दिया गया इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर थाना दिवस में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई।शिकायत के बाद उपजिलाधिकारी बीसलपुर के आदेश पर लेखपाल और हल्का इंचार्ज गांव पहुंचे और मौके पर चल रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की भूमि की पैमाइश कराने, कथित अतिक्रमण की जांच करने तथा सरकारी कुएं को पाटे जाने के आरोप की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
