अमेठीः नेत्र शिविर में 235 की जांच, 16 ऑपरेशन के लिए रेफर
October 24, 2026
अमेठी। भेटुआ ब्लॉक की न्याय पंचायत भेटुआ के कड़ेरगांव पंचायत भवन में शनिवार को सती महारानी जनकल्याण समिति और अमेठी आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में विशाल नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 235 मरीजों की आंखों की जांच की गई। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मे, चिकित्सकीय परामर्श और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। वहीं, मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए 16 मरीजों को ऑपरेशन के लिए अमेठी आई हॉस्पिटल भेजा गया। कार्यक्रम में समिति की अध्यक्ष एवं अमेठी की पूर्व विधायक महारानी गरिमा सिंह के पुत्र अनंत विक्रम सिंह और उनकी पत्नी शांभवी सिंह मौजूद रहीं। उन्होंने मरीजों का हाल जाना और जनसेवा के इस प्रयास को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। पत्रकारों से बातचीत में अनंत विक्रम सिंह ने कहा कि अमेठी उनके लिए केवल राजनीतिक क्षेत्र नहीं, बल्कि उनकी जड़ों और आत्मीय रिश्तों की धरती है। यहां के लोगों का स्नेह उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। समिति का प्रयास है कि स्वास्थ्य सेवाएं और जनकल्याणकारी योजनाएं गांव-गांव तक पहुंचें। शांभवी सिंह ने कहा कि जरूरतमंदों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना और उनके चेहरे पर राहत की मुस्कान लाना ही जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य है। समिति समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। शिविर के दौरान जनसमस्या समाधान गोष्ठी आयोजित कर ग्रामीणों की आवास, पेंशन, बिजली, राशन कार्ड, श्रम विभाग और आयुष्मान कार्ड से संबंधित समस्याएं सुनी गईं। उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों के शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच कर आवश्यक दवाएं भी वितरित कीं।आयोजन में प्रधान पवन सिंह, दिलीप कनौजिया, पूर्व प्रधान श्याम बिहारी सिंह, प्रधान प्रतिनिधि कल्लू सिंह सहित कई गणमान्य लोग और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। समिति ने भविष्य में अन्य न्याय पंचायतों में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की बात कही।
