पट्टी/प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल ने गुरुवार को पट्टी विधानसभा क्षेत्र में अपने कार्यालय पर क्षेत्र से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने विभिन्न जनसमस्याओं से सांसद को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संवाद कर समस्याओं के निस्तारण का भरोसा दिलाया।
इस दौरान सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में आम जनता कई तरह की परेशानियों से जूझ रही है। बेरोजगारी बढ़ रही है, महंगाई का असर लोगों की जेब पर पड़ रहा है और रुपये की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर अपेक्षित गंभीरता से काम करती दिखाई नहीं दे रही है।
उन्होंने ैप्त् के दौरान मतदाता सूची से नामों को लेकर सामने आ रही चिंताओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। उन्होंने लोगों से सजग रहने और अपने नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने की अपील की।
सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर बीएल वर्मा, अमित सिंह, रोहनकुमार, सुशांत सिंह, अब्दुल आलम, रफीक अहमद, रोहित मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे।
