Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः किसान दिवस में उठीं किसानों की समस्याएं, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश


प्रतापगढ़। जिले में बुधवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों एवं कृषक संगठनों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव रखे, जिनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के प्रारम्भ में उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह ने उपस्थित किसानों, कृषक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का स्वागत करते हुए किसान दिवस के आयोजन के उद्देश्य की जानकारी दी। इसके बाद विगत किसान दिवस की कार्यवृत्त में किसानों की समस्याओं के संबंध में प्राप्त आख्या को किसानों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया। पूर्व में उठाई गई समस्याओं के निस्तारण पर किसानों ने संतोष व्यक्त किया।

मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से उनकी समस्याएं एवं उपयोगी सुझाव प्रस्तुत करने का अनुरोध किया। इस पर दिनेश तिवारी जिलाध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन ग्राम खरबारी विकासखंड बाबागंज ने जनपद की सभी तहसीलों में अभियान चलाकर चकमार्गों का चिन्हांकन कराने तथा अतिक्रमित चकमार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की। सीडीओ ने विकास विभाग को चकमार्गों का चिन्हांकन कराकर अतिक्रमण की स्थिति में उन्हें विकसित भारत जी राम जी योजना में सम्मिलित कर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

पम्मी सिंह ने ग्राम गोबरी में क्रय केंद्र खोले जाने की मांग रखी। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विपणन अधिकारी को क्रय केंद्र खोले जाने के संबंध में प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विकासखंड बाबा बेलखरनाथधाम एवं सदर के किसानों ने जंगली सूअर एवं नीलगाय द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने की समस्या उठाई। सीडीओ ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण कर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में हरिराम ग्राम अंतू देहात विकासखंड सण्डवा चंद्रिका ने यूको बैंक द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बनाए जाने की शिकायत की। मुख्य विकास अधिकारी ने अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक को तत्काल यूको बैंक से संपर्क कर संबंधित किसान का किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों एवं आमजन की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता एवं समयबद्ध ढंग से समाधान सुनिश्चित किया जाए। शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को योजनाओं एवं कृषि निवेशों का लाभ उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में उप कृषि निदेशक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों में संचालित योजनाओं तथा कृषि निवेशों की उपलब्धता के संबंध में किसानों को जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार, जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कृषक एवं कृषक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |