बल्दीराय/सुलतानपुर। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सोमवार को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने पारा चैराहे पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों और विसर्जन स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर विसर्जन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों की समीक्षा की।
मूर्ति विसर्जन की संवेदनशीलता को देखते हुए बल्दीराय क्षेत्र को पांच जोन में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक सहित दो क्षेत्राधिकारी तैनात हैं। प्रमुख चैराहों, विसर्जन मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पीएसी और आरआरएफ की भी तैनाती की गई है।
बल्दीराय क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर घाट पर दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। तहसील प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद प्रशासनिक अमला और सक्रिय नजर आया। अधिकारियों की प्राथमिकता सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, विसर्जन मार्गों पर निगरानी रखने और पूरे आयोजन को सकुशल संपन्न कराने की है। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की निगरानी के बीच विसर्जन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
