Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः जल जीवन मिशन से ग्राम कुकुवार में पेयजल संकट का समाधान, हर घर तक पहुँचा शुद्ध जल


प्रतापगढ़। जनपद के विकास खण्ड पट्टी की ग्राम पंचायत कुकुवार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित ग्रामीण पेयजल योजना ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव की मिसाल बन रही है। योजना के क्रियान्वयन से पूर्व ग्राम में विशेषकर ग्रीष्म ऋतु के दौरान पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो जाता था। भूजल स्तर नीचे चले जाने के कारण हैंडपंपों से पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पाता था तथा ग्रामीणों को दैनिक आवश्यकताओं के लिए पानी की व्यवस्था करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु ग्राम सभा द्वारा पेयजल योजना के निर्माण के लिए भूमि आवंटित की गई, जिसके उपरांत निर्माण कार्य प्रारम्भ कराया गया। निर्माण के दौरान पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क एवं रास्तों की खुदाई को लेकर कुछ स्थानीय समस्याएं एवं ग्रामीणों की आपत्तियां सामने आईं। ऐसी परिस्थितियों में जिला प्रशासन के सहयोग एवं समन्वय से समस्याओं का निराकरण कराया गया। इस दौरान अधिशासी अभियन्ता तौसीफ अहमद, सहायक अभियन्ता हिमांशु केसरवानी एवं अवर अभियन्ता शुभम राय उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा निरंतर स्थलीय निरीक्षण, पर्यवेक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं रास्तों का पुनर्स्थापन (रेस्टोरेशन) कार्य पूर्ण कराते हुए पेयजल योजना का निर्माण सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया।

निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत ग्राम में नल के माध्यम से जलापूर्ति प्रारम्भ हुई, जिससे प्रत्येक घर तक पेयजल की सुविधा उपलब्ध हुई। अब ग्रामीणों को विशेषकर गर्मी के मौसम में होने वाले जल संकट से राहत मिली है तथा हैंडपंपों एवं कुओं पर निर्भरता कम हुई है। शुद्ध पेयजल की उपलब्धता के साथ-साथ ग्रामीणों में स्वच्छता, जल संरक्षण, जल संचयन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता में भी वृद्धि हुई है। ग्राम सभा के माध्यम से जल के अपव्यय को रोकने तथा नियमित जलापूर्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। ग्राम पंचायत कुकुवार में जल जीवन मिशन की यह पहल जिला प्रशासन, उत्तर प्रदेश जल निगम एवं ग्रामवासियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। इस योजना ने न केवल वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, बल्कि ग्रामीणों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने तथा उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य भी किया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |