राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता ने इण्डिया ब्लाक के चुनाव आयोग के खिलाफ लोकतंत्र बचाओ मार्च के विगुल को बताया ऐतिहासिक
लालगंज/प्रतापगढ। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कामर्शियल गैस सिलेण्डर की कीमत में ताजा भारी बढ़ोत्तरी को आम आदमी की जेब पर भी बोझ का तगड़ा झटका करार दिया है। उन्होंने दामों में बढ़ोत्तरी को लेकर कहा कि मोदी सरकार का महंगाई पर नियंत्रण का दावा फिर खोखला साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्नीस किलो के कामर्शियल गैस सिलेण्डर की कीमत में सरकार के इशारे पर कम्पनियों ने साढ़े बासठ रूपये की भारी बढ़ोत्तरी की है। उन्होंने कहा कि अभी एक माह पहले ही सरकार के इशारे पर कामर्शियल गैस सिलेण्डर में साढ़े नौ रूपये की बढ़ोत्तरी की गयी थी। उन्होंने कहा कि यह छोटे व्यापारियों के साथ मध्यम वर्ग के लिए महंगाई के जख्म पर सरकार की ओर से नमक छिड़कना है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि नवरात्रि सहित त्योहारों का सीजन देखते हुए यह बढ़ोत्तरी आम आदमी की थाली का सकून छीन लेगी। उन्होंने कहा कि महंगाई और अर्थव्यवस्था को लेकर सरकार की आर्थिक नीतियां पूरी तरह से विफल है। सांसद प्रमोद तिवारी ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि महंगाई मैन के रूप में वह कुछ कुछ दिनों के अंतराल में महंगाई थोपकर खुद एक बड़ा सकून महसूस किया करते हैं। उन्होंने कहा कि बाजार में लगातार कीमत में उछाल के चलते इसका सीधा असर आम उपभोक्ता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खाने पीने की वस्तुओं में भी लगातार दामों का उछाल पहले से ही जनता को महंगाई की चोट पहुंचाये हुये है। वहीं कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने इण्डिया ब्लाक की हुई बैठक में चुनाव आयोग की कार्यशैली को लेकर लोकतंत्र बचाओ मार्च को मताधिकार की सुरक्षा के लिए ऐतिहासिक निर्णय करार दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की अलोकतांत्रिक कार्यशैली के चलते वोट चोरी से लोकतंत्र में जनादेश को अपवित्र करने का कुचक्र रचा गया है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र में हर जवाबदेही को लेकर सिर्फ दमन का रास्ता अख्तियार किया करती है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर जवाबदेही की जगह बीजेपी के इशारे पर छात्रों पर लाठी चार्ज व पैलेटगन का इस्तेमाल सरकार की नीति व नीयत पर बदनुमा दाग है। वहीं सांसद प्रमोद तिवारी ने इजराइल जा रहे विमान में सवार एक सौ नब्बे यात्रियों की जान बचाने को लेकर कैम्टन स्मित के अदम्य साहस व कर्तव्य निष्ठा को देश के लिए सराहनीय नजीर करार दिया हैं। सांसद प्रमोद तिवारी का यह बयान गुरूवार को मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल के हवाले से निर्गत हुआ है।
