Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मेरठ: जिलाधिकारी वीके सिंह ने की युवा उद्यमी योजना, प्रोजेक्ट गंगा सहित लाभार्थीपरक योजनाओं की समीक्षा, लापरवाही पर जताई कड़ी नाराजगी! बैंक की मनमानी बर्दाश्त नहीं, ऋण वितरण में बाधा उत्पन्न करने वालो के विरूद्ध की जायेगी कठोर कार्यवाही -जिलाधिकारी


मेरठ । कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह ने युवा उद्यमी योजना, प्रोजेक्ट गंगा सहित शासन द्वारा संचालित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं की अधिकारियो एवं बैंकर्स के साथ समीक्षा की। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने में लापरवाही एवं उदासीनता सामने आने पर जिलाधिकारी ने गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य पात्र लोगों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। ऐसे में बैंकर्स की लापरवाही एवं निरंकुश कार्यशैली के कारण पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलना अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने में बैंक अपनी मनमर्जी नहीं चला सकते। शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति करना तथा पात्र लाभार्थियों को समय से ऋण उपलब्ध कराना सभी संबंधित अधिकारियों एवं बैंकर्स की प्राथमिकता होनी चाहिए। योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब, मनमानी एवं नकारात्मक रवैया किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि जिन बैंकों की लापरवाही के कारण योजनाओं की प्रगति एवं रैंकिंग खराब हो रही है, एलडीएम को खराब प्रदर्शन वाले बैंको को चिन्हित कर शाखा प्रबंधक के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने एसबीआई, पीएनबी सहित अन्य बैंक का सीडी रेशियो 50 प्रतिशत से कम होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए इसमें अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए। 

जिलाधिकारी ने इस संबंध में उपायुक्त उद्योग की शिथिल कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी व्यक्त की तथा मुख्य विकास अधिकारी को उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुये कहा कि बैंकर्स की लापरवाही और निरंकुशता के कारण शासन-प्रशासन की छवि धूमिल होती है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियोंध्बैंकर्स को निर्देशित किया कि योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा करते हुए पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर सीडीओ नूपुर गोयल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विजय वर्धन तोमर, अपर जिलाधिकारी (नगर) आदित्य कुमार प्रजापति, एलडीएम आर0के0 खन्ना, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी, बैंकर्स के प्रतिनिधि, उद्योग विभाग के अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |