BJD के पूर्व MLA पर तलवारों और कुल्हाड़ी से हमला, BJP समर्थकों पर पत्थरबाजी का आरोप
October 05, 2026
ओडिशा के जाजपुर जिले में जेनापुर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत मधुपुरगढ़ ग्राम पंचायत में बीजू जनता दल(BJD) की 'जन संपर्क पदयात्रा' के दौरान पूर्व विधायक और वरिष्ठ BJD नेता प्रणब बलवंतराय और उनके समर्थकों पर हमला किया गया.
बलवंतराय ने दावा किया कि हमलावर BJP कार्यकर्ता और स्थानीय MLA हिमांशु शेखर साहू के समर्थक थे. उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन पर हमला हुआ तो 30 से ज़्यादा पुलिसकर्मी मूकदर्शक बनकर खड़े रहे.
उन्होंने कहा कि, "धर्मशाला के MLA हिमांशु शेखर साहू के समर्थकों वाले लगभग 50 हथियारबंद बदमाशों के एक समूह ने मुझ पर और मेरे समर्थकों पर जानलेवा हमला किया. बदमाशों ने कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया. पुलिस ने कुछ नहीं किया और मूकदर्शक बनकर खड़ी रही."
बलवंतराय ने आरोप लगाया कि "हमलावरों में से कुछ के पास तलवारें, कुल्हाड़ियां और अन्य खतरनाक हथियार थे. इस हमले का मकसद गंभीर चोट पहुंचाना था."
हिंसा के दौरान बलवंतराय की गाड़ी समेत तीन अन्य गाड़ियां भी कथित तौर पर क्षतिग्रस्त हो गईं. उन्होंने आगे आरोप लगाया कि शुरुआती घटना के बाद, वह समूह जगदीश जेनामनी के घर गया, जहां उन्हें भी धमकाया और फिर बलवंतराय पर दोबारा हमला किया.
वहां मौजूद कुछ लोगों का कहना है कि हमला करने वाले समूह के लोग BJP के समर्थक थे, उन्होंने बताया कि पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई. जिसके बाद विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज के साथ बात पत्थरबाजी तक पहुंच गई.
इस घटना के बाद, बलवंतराय ने जाजपुर के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी, जिसमें तुरंत FIR दर्ज करने और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई. अपनी शिकायत में बलवंतराय ने आरोप लगाया कि हमलावर धर्मशाला से भाजपा के विधायक हिमांशु शेखर साहू के समर्थक और सहयोगी थे.
