अमेठीः शिक्षक निर्वाचन के लिए 9 पोलिंग पार्टियां रवाना, 3 रिजर्व तैयार
October 22, 2026
अमेठी। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अमेठी जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक चैधरी और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने तहसील गौरीगंज से नौ पोलिंग पार्टियों को निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तीन रिजर्व पोलिंग पार्टियां भी तैयार रखी गई हैं। पोलिंग पार्टियों की रवानगी से पहले तहसील गौरीगंज सभागार में मतदान कार्मिकों की ब्रीफिंग की गई। इस दौरान उन्हें निर्वाचन सामग्री वितरित करने के साथ ही मतदान प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी मतदान कार्मिकों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित नियमों का पूरी गंभीरता से पालन करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी पोलिंग पार्टियां अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर समय से पहुंचें और मतदान शुरू होने से पहले निर्वाचन सामग्री, आवश्यक अभिलेखों तथा अन्य व्यवस्थाओं की जांच कर लें। मतदान के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के साथ निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद अमेठी में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए कुल नौ मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। जिले के कुल 1099 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित और निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने को कहा, ताकि मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके और मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति सिंह सहित संबंधित अधिकारी और निर्वाचन कार्मिक मौजूद रहे। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने आपसी समन्वय से चुनाव की व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करने की बात कही।
