Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

संग्रामपुर: स्वास्थ्य मेले में 55 मरीजों का हुआ इलाज


संग्रामपुर/अमेठी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चण्डेरिया में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। महिला चिकित्सक डॉ. अनीता गौड़ की देखरेख में आयोजित मेले में कुल 55 मरीजों का पंजीकरण कर उनका निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान 23 मरीजों की पैथोलॉजी जांच की गई और सभी मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। डॉ. अनीता गौड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक संचालित हुआ। मेले में आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर उन्हें उचित परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया। मौसम में बदलाव के कारण इन दिनों लोगों में सर्दी, खांसी और हल्के बुखार की शिकायतें बढ़ रही हैं। मेले में भी ऐसे कई मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इसके अलावा त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों का भी परीक्षण किया गया। चिकित्सक ने बताया कि लगातार एक-दो सप्ताह से खांसी की समस्या से परेशान मरीजों को प्राथमिक उपचार देने के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के क्षय रोग विभाग में जाकर जांच कराने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक खांसी बने रहने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और समय रहते चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए, ताकि बीमारी की सही पहचान कर उचित उपचार किया जा सके। जन आरोग्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क जांच, परामर्श एवं दवाओं का लाभ पहुंचाना है। इस अवसर पर फार्मासिस्ट अरुण मिश्रा, लैब टेक्नीशियन काजल नायक और सफाईकर्मी आशीष यादव मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों को बदलते मौसम में साफ-सफाई रखने, संतुलित आहार लेने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से उपचार कराने की सलाह दी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |