बीसलपुर। आय प्रमाणपत्र में कथित रूप से गलत आय दर्ज करने के मामले में बीसलपुर तहसील में तैनात लेखपाल जितेंद्र कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर बुधवार रात हुई कार्रवाई के बाद तहसील क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।मामला ग्राम खनंका उचसिया निवासी आदेश कुमार सिंह के आय प्रमाणपत्र से संबंधित है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आय प्रमाणपत्र बनवाने के एवज में लेखपाल ने उनसे पांच हजार रुपये की मांग की थी। रुपये नहीं देने पर उनकी वार्षिक आय 54 हजार रुपये के बजाय आठ लाख 40 हजार रुपये दर्ज करते हुए रिपोर्ट लगा दी गई, जिसके कारण उनका आय प्रमाणपत्र अस्वीकृत हो गया।आदेश कुमार सिंह ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी आलोक कुमार से करते हुए प्रार्थना पत्र सौंपा और जांच कर कार्रवाई की मांग की। शिकायत में उन्होंने लेखपाल पर रिश्वत मांगने का आरोप भी लगाया।प्रकरण की जांच के लिए तहसीलदार हबीब उर रहमान संबंधित गांव पहुंचे। उन्होंने शिकायतकर्ता से जानकारी लेकर आय प्रमाणपत्र में दर्ज वार्षिक आय के संबंध में जांच-पड़ताल की। शिकायतकर्ता ने दर्ज आय को गलत बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।
वहीं, लेखपाल जितेंद्र कुमार सिंह ने आय दर्ज करने में गलती से अतिरिक्त शून्य लग जाने की बात कही थी। उनका कहना था कि फोन पर रिपोर्ट देखते समय त्रुटि पर ध्यान नहीं गया होगा या किसी अन्य कारण से गलती हुई होगी।मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर लेखपाल को निलंबित कर दिया गया। तहसीलदार हबीब उर रहमान ने भी निलंबन की पुष्टि की। आय प्रमाणपत्र में कथित अनियमितता को लेकर हुई इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हलचल है।
