- हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में एकजुट होकर जुटने का आह्वान
- जिले के 11 बूथों पर जीत की रणनीति पर मंथन
पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी ने शिक्षक-स्नातक चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। सोमवार को भाजपा के जिला कार्यालय पर सेवा संकल्प अभियान एवं शिक्षक-स्नातक चुनाव के संदर्भ में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बरेली-मुरादाबाद क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों को जिताने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया। जिला प्रभारी हर्षवर्धन आर्य ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ मैदान में उतरने का संदेश दिया।बैठक के मुख्य अतिथि जिला प्रभारी हर्षवर्धन आर्य रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने की। चुनाव के जिला संयोजक गुरुभाग सिंह ने बैठक का संचालन किया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
जिला प्रभारी हर्षवर्धन आर्य ने शिक्षक-स्नातक चुनाव की तैयारियों का जायजा लेते हुए कहा कि बरेली-मुरादाबाद क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों की जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने चुनाव को गंभीरता से लेते हुए मतदाताओं तक पहुंच बनाने और संगठन की ताकत को चुनाव में परिणाम में बदलने पर जोर दिया।
जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने बताया कि पीलीभीत जनपद में शिक्षक-स्नातक चुनाव के कुल 11 बूथ हैं, जहां लगभग 3500 मतदाता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने, पार्टी की नीतियों और विचारधारा से अवगत कराने तथा भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील करने को कहा।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका, मतदाताओं से संपर्क और बूथ स्तर पर समन्वय को महत्वपूर्ण बताया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को सक्रिय करते हुए चुनाव में प्रत्याशी के समर्थन को मजबूत करना रहा बैठक में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
